Sunday, 2 June 2024

हर एक भुवन तुम्हारा लगता

हर एक भुवन तुम्हारा लगता
पवन छुए या किरण छुए तन
हर एक छुवन तुम्हारा लगता।
जबसे लगन घुली साँसों में,
हर धुन रटन तुम्हारा लगता ।।
पवन छुए या
मेरे हठ ने पाँव पकड़कर,
रोक लिया तुमको जाने से ।
जीवन लगा सुलझने मेरा,
तुमको ऐसे उलझाने से ।।
शीष झुकाऊँ अब जिस चौखट,
हर एक भुवन तुम्हारा लगता ।।
पवन छुए या
मेरे बंजारे धड़कन को,
कैसा लगन लगाया तुमने,
हिय की लहरे तन तट आयी,
गीत कोई जब गाया तुमने,
मेरे बैरागी अंतस का,
सारा सृजन तुम्हारा लगता ।। 
पवन छुए या
जिन अनचीन्हे पदचापों की,
ध्वनियों पर ये कान लगे है ।
अनुभव ने समझाया हमको,
जगत पराया आप सगे हैं ।।
हे आकुल प्राणों के अतिथि,
ध्वनि शुभचरण तुम्हारा लगता ।। 
पवन छुए या
तेरी चौखट रोज जलेंगे,
सांध्यदीप बन गोधुलबेला,
बेचैनी की उमर घटा दो,
घबराता है प्राण अकेला।।
सुध ले लो तपसी भावों का,
अनहत जपन तुम्हारा लगता ।।
 पवन छुए या
पलकें झुककर मृदु भावों से,
अभिनंदन कर करके जाती ।
अंतस के कोमल भावों को,
धड़कन गुंजारित कर जाती ।।
अब तो रूकना झुकना चलना,
सब कुछ नमन तुम्हारा लगता।। 
पवन छुए या

शोभामोहन श्रीवास्तव
०९/०३/२०१६राजिम

No comments:

Post a Comment

संस्कृत राम स्तुति

शुद्ध संशोधित रचना-राम-स्तुतिः" ` लोभो नास्ति मोहो नास्ति, शोको नास्ति कामः। अपमानस्य चिन्ता, न पश्यति च दक्षिणं न वामम्॥ रात्रिंदि...